नई सड़क लेकिन नहीं सुरक्षा! रौनी घाट में खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार का कहर, यात्री बस और मिक्सर मशीन की भीषण टक्कर से 20 से अधिक लोग घायल, स्थानीय लोगों ने उठाई ठोस सुरक्षा उपायों की मांग
बगीचा (जशपुर), 12 फरवरी 2026।
जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत रौनी घाट में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अजाक्स मिक्सर मशीन और बगीचा से कुसमी की ओर जा रही यात्री बस के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और घाट क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही रौनी घाट के घुमावदार मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रही मिक्सर मशीन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीट से उछलकर गिर पड़े। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला।
एम्बुलेंस से पहुंचाए गए अस्पताल, गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा लाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।अस्पताल में घायलों के परिजन और स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही।
मिक्सर चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद मिक्सर मशीन का चालक मौके से फरार हो गया। बगीचा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा फरार चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात बहाल कराया गया।
नई सड़क पर सुरक्षा इंतजामों की कमी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि रौनी घाट में हाल ही में सड़क निर्माण हुआ है, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। घाट क्षेत्र में पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, स्पीड कंट्रोल संकेतक और सुरक्षा बैरिकेडिंग का अभाव है। तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से घाट क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने की मांग की है।
जनप्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल, घायलों का जाना हालचाल
हादसे की जानकारी मिलते ही भाजपा महामंत्री मुकेश शर्मा, पार्षद राजकिशोर जायसवाल सहित अन्य स्थानीय नागरिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी भी ली।
घायलों के नाम
बालमनी बाई (35), निरुता लकड़ा (32), पुनिता (23), जेठू, तृप्ति, आयुष गुप्ता, विक्टोरिया, शिवप्रसाद, सुखनी, दीनानाथ, उमेश प्रकाश यादव, जगन राम, सावित्री, संझियारी, सुनीता, सेवती, आशा एक्का, शुभम, लगन समेत अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं।सभी का उपचार जारी है।