ताजा खबरें

बड़ी खबर

36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का जशपुर में भव्य समापन, डीआईजी–एसएसपी के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन में जागरूकता का बड़ा अभियान

36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन

हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिया गया जागरूकता संदेश

जशपुरनगर, 31 जनवरी।
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा मनाए गए 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शनिवार को एसडीओपी कार्यालय परिसर, जशपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के साथ विधिवत समापन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों एवं छात्राओं को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित ड्राइविंग तथा सड़क सुरक्षा के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। समापन अवसर पर हाइवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता एवं अपराधों की रोकथाम के लिए हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने सड़क सुरक्षा नियमों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, नशे की हालत में वाहन न चलाना तथा यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात से ही जीवन की सुरक्षा संभव है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार एवं डीएफओ श्री शशि कुमार ने भी सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए आमजन से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को स्वयं की तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

इस दौरान जशपुर पुलिस द्वारा ‘सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा’ थीम पर निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समापन अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों ने सामूहिक रूप से सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि एक माह तक चले राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जशपुर पुलिस द्वारा हाट-बाजारों में वीडियो एवं फोटो के माध्यम से यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक, हेलमेट बाइक रैली तथा ऑटो रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया। एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड एवं नेहरू युवा केंद्र के युवाओं द्वारा भी चौक-चौराहों पर जाकर आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के पश्चात डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह तथा जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार द्वारा हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन लोरो घाट से कुनकुरी तक 24 घंटे नियमित पेट्रोलिंग करेगा। किसी भी दुर्घटना या घटना की स्थिति में पेट्रोलिंग टीम द्वारा त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी दुर्घटना की जानकारी तुरंत मोबाइल नंबर 9479193699 पर दें। पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग टीम 24 घंटे सेवा के लिए तत्पर रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image