ताजा खबरें

बड़ी खबर

बालक प्राथमिक शाला आश्रम गिरला में सेवा, संस्कार और संवेदना का संगम — बाबा भगवान राम ट्रस्ट ने बच्चों को बांटे गर्म कपड़े, राष्ट्रगान के साथ गूंजा भारत माता का जयघोष, 41 बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

जशपुर 18 जनवरी 26
ठंड के मौसम में नन्हे बच्चों को सर्दी से राहत देने और सेवा भाव का संदेश देने के उद्देश्य से बाबा भगवान राम ट्रस्ट सोगड़ा, जशपुर एवं श्री सर्वेश्वरी समूह महिला संगठन जशपुर द्वारा रविवार 18 जनवरी 2026 को बालक प्राथमिक शाला आश्रम गिरला में एक प्रेरणादायी सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बाबा भगवान राम ट्रस्ट के वर्तमान अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा गुरूपद संभव राम जी के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें आश्रम के 41 बच्चों को ऊनी टोपी, स्वेटर, मोजे एवं बिस्किट वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के चित्र पर विधिवत पूजन-अर्चन कर किया गया। इसके पश्चात ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री कृष्ण कुमार (टप्पू जी) द्वारा बच्चों को गर्म वस्त्र प्रदान कर वितरण कार्य का प्रारंभ किया गया। बाद में श्री सर्वेश्वरी समूह महिला संगठन की सदस्यों ने भी बच्चों को प्रेमपूर्वक सामग्री वितरित की।

आश्रम प्रांगण में उपस्थित सभी बच्चों, शिक्षकों, प्रधान पाठक एवं संगठन के सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।

कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए श्री कमल दूबे ने ट्रस्ट अध्यक्ष पूज्यपाद गुरूपद संभव राम जी बाबा द्वारा प्रारंभ किए गए सेवा कार्यक्रमों के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े बच्चों तक सहायता पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने जीवन के लक्ष्य को पहचान कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

इस अवसर पर महिला संगठन की वरिष्ठ सदस्याएं श्रीमती सरिता श्रीवास्तव, श्रीमती सरिता अखौरी, श्रीमती अर्पिता दूबे, श्रीमती रंजिता सांरगी, श्रीमती पूनम दूबे, श्रीमती सीमा सिंह, श्रीमती अंजू सिन्हा, श्रीमती अनुपमा सिंह, श्रीमती अनिमा मिश्रा, श्रीमती अनामिका सिन्हा, श्रीमती स्नेहा उपाध्याय, श्रीमती नेहा पाण्डेय, श्रीमती लक्ष्मीप्रिया सिंह, श्रीमती निशा सिंह एवं सौम्या सुरभि सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में  कमल दूबे एवं  प्रवीण सिन्हा का विशेष योगदान रहा। वहीं प्राथमिक शाला आश्रम गिरला के प्रधान पाठक श्री गोवर्धन बड़ाईक, सहायक शिक्षिका दीपिका गुप्ता, आश्रम अधीक्षिका सुमंती खाखा एवं सेवानिवृत्त शिक्षक श्री सेवाराम का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image