कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों की ढाल बने पुष्यमित्र मलतियार, कंबल वितरण कर समाज में संवेदनशीलता और सेवा भाव को किया मजबूत
अंबिकापुर 17 जनवरी 2026 : शहर में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंबिकापुर में कार्यरत पुष्यमित्र मलतियार ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपने व्यक्तिगत खर्च पर जरूरतमंदों एवं छोटे बच्चों को कंबल वितरित किए। इस सराहनीय पहल से ठंड से प्रभावित गरीब, असहाय और बेसहारा लोगों को बड़ी राहत मिली।
कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग से उप निरीक्षक अभय तिवारी, नशा मुक्ति जागरूकता एवं परामर्श केंद्र के जिला संयोजक मंगल पांडे, अनिल मिश्रा, सुनिधि चौहान एवं संतोष विश्वकर्मा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संपूर्ण व्यय पुष्यमित्र मलतियार द्वारा स्वयं वहन किया गया, जो इस सेवा कार्य की निस्वार्थ भावना को दर्शाता है।
स्थानीय नागरिकों ने इस मानवीय पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में संवेदनशीलता, सामाजिक दायित्व और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं। ठंड के इस कठिन समय में जरूरतमंदों की सहायता करना वास्तव में प्रेरणादायक और अनुकरणीय कदम है।