पुलिस की सख्त घेराबंदी से हड़बड़ाए गौ तस्कर, गश्ती वाहन को मारी ठोकर, खेत में पिकअप छोड़कर भागे, ऑपरेशन शंखनाद के तहत 10 गौ वंश सुरक्षित मुक्त
जशपुर, 16 जनवरी 2026/
जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चल रहे जशपुर पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन शंखनाद के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने गौ तस्करों के चंगुल से 10 नग गौ वंशों को सकुशल मुक्त कराते हुए तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जप्त किया है। घटना के दौरान तस्करों ने पुलिस वाहन को ठोकर मारकर भागने का प्रयास किया, किंतु पुलिस की सतर्कता के आगे उनकी चालाकी नाकाम साबित हुई।
जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी की देर रात करीब 1.30 बजे दुलदुला पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुनकुरी की ओर से एक पिकअप वाहन में भारी संख्या में गौ वंश भरकर उन्हें अवैध रूप से झारखंड राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए दुलदुला–आसनबहार–खूंटी टोली मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग प्रारंभ कर दी।
कुछ ही देर बाद एक सफेद रंग का बोलेरो पिकअप तेज रफ्तार में आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस गाड़ी को ठोकर मार दी और तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया। पीछा होता देख तस्कर कुछ दूरी पर जाकर पिकअप वाहन को खेत में उतारकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि पिकअप वाहन में 10 नग गौ वंश रस्सियों से बांधकर बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे, जिनके ऊपर प्लास्टिक का त्रिपाल ढका हुआ था। पुलिस ने सभी गौ वंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया और उन्हें सुरक्षित संरक्षण में रखा गया। वहीं तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक JH-03-AR-5441 को जप्त कर लिया गया है।
इस पूरे प्रकरण में थाना दुलदुला प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सामुदान टोप्पो, आरक्षक अलेक्सियुस तिग्गा, प्रमोद कुमार तथा राम प्रवेश सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा गौ तस्करी का प्रयास विफल हो सका।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के विरुद्ध पूरी सख्ती के साथ अभियान चला रही है। मुखबिर तंत्र को मजबूत किया गया है और हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत अब तक जिले में गौ तस्करी के 145 मामलों में 243 तस्करों को गिरफ्तार कर 1406 से अधिक गौ वंशों को सुरक्षित मुक्त कराया जा चुका है। जशपुर पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।