स्वामी विवेकानंद के विचारों से युवाओं को प्रेरित करेगा जशपुर का युवा संगम,11 जनवरी को सरस्वती शिशु मंदिर में विवेकानंद यूथ सर्कल का आयोजन
जशपुरनगर 08 जनवरी 2026 :
स्वामी विवेकानंद के जीवन संदेश और युवाओं के प्रति उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विवेकानंद यूथ सर्कल जशपुर द्वारा आगामी 11 जनवरी, रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर जशपुर में युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वाधान में संपन्न होगा।
स्वामी विवेकानंद का यह कथन— “यदि मुझे 100 चरित्रवान युवा मिल जाएं, तो मैं देश का भविष्य बदल सकता हूं”— इस आयोजन की प्रेरणा का मूल आधार है। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए चरित्रवान, कर्तव्यनिष्ठ और राष्ट्रभक्त युवाओं के निर्माण की दिशा में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इस दौरान युवाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए वाद-विवाद प्रतियोगिता, भाषण, खेल गतिविधियां और क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को वर्तमान सामाजिक, शैक्षणिक और राष्ट्रीय परिस्थितियों से अवगत कराया जाएगा, साथ ही उनके समाधान पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार युवा संगम का उद्देश्य युवाओं में सामूहिकता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और मिलकर कार्य करने की भावना को विकसित करना है। कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान करेगा।इस कार्यक्रम में 16 से 36 वर्ष आयु वर्ग के विद्यालय एवं महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत युवक-युवतियां भाग ले सकेंगे। आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और व्यक्तित्व विकास का मंच मिलेगा।
विवेकानंद यूथ सर्कल जशपुर ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस युवा संगम में शामिल होकर स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।