ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन अंकुश: दो फरार बैगा गिरफ्तार, महिला पर टोनही का आरोप लगाने का मामला उजागर

जशपुर 17 दिसम्बर 2025 : थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम भिंजपुर में सुनीता भगत (रायपुर निवासी) की अचानक मृत्यु के बाद परिजनों द्वारा टोनही और तंत्र-मंत्र की आशंका जताने का मामला प्रकाश में आया। मृतिका के परिजनों ने जिला रायगढ़ क्षेत्र के बैगा कृपा चौहान से संपर्क किया, जिन्होंने अपने साथियों के साथ मृतिका को जिंदा करने का दावा किया और इसके एवज में राशि ली।

पुलिस के अनुसार, बैगाओं ने मृतिका को जिंदा करने में असफल होने पर गांव की महिला फ़ौसी बाई पर टोनही का आरोप लगा दिया। इस आरोप के कारण मृतिका के परिजनों ने महिला से मारपीट की। घटना की रिपोर्ट फ़ौसी बाई ने थाना दुलदुला में दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 296, 351(2), 115(2), 333, 190, 191(2) और टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4,5 के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई में मृतिका के परिजनों और दो बैगाओं सहित कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। इसके बाद फरार रहे दो बैगा—रत्थू राम चौहान (53) और विरनची महतो (63), ग्राम लेंथरा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़—को जशपुर पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी सहायता के माध्यम से पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से तंत्र मंत्र में प्रयुक्त बंदर की हड्डी भी बरामद की गई।

 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने अंधविश्वास और टोनही जैसी प्रथाओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी है और आम नागरिकों व ग्रामीणों से अपील की है कि वे इन अंधविश्वासों से दूर रहें।

          थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, आरक्षक अलेक्सियस तिग्गा और अकबर चौहान की टीम ने गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave Your Comment

Click to reload image