शिक्षा स्वास्थ्य स्वच्छता और बाल सुरक्षा में युवाओं की भूमिका: एनएसएस और यूनिसेफ साथ-साथ
कुनकुरी/नारायणपुर: यूनिसेफ और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में ‘सुरक्षित पारा-सुरक्षित लइकामन 3.0’ ग्राम संपर्क अभियान के तहत शासकीय बाला साहेब देशपांडे महाविद्यालय कुनकुरी के स्वयंसेवकों ने तृतीय दिवस पर ग्राम पंचायत धुमाडांड़ के प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली में कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय गीत के साथ हुई, जिसके बाद बच्चों ने स्वयंसेवकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, नशामुक्ति, गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता लाना है।
स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक और गीतों के माध्यम से बच्चों को संतुलित आहार, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, बाल श्रम के दुष्प्रभाव, शिक्षा का महत्व और नशे के नुकसान के बारे में जानकारी दी।
प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता ने कहा कि बचपन से ही बच्चों को इन विषयों पर जागरूक किया जाए तो उनका भविष्य उज्ज्वल होगा। उन्होंने स्वयंसेवकों के उत्साह, सेवा-भाव और जागरूकता गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्हें सफल अभियान के लिए बधाई दी।इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चे, शिक्षक और रसोइया भी शामिल हुए।