रायगढ़ में नकली शराब सिंडिकेट पर पुलिस का शिकंजा और कसा, फरार मास्टरमाइंड विनय ठाकुर के घर चस्पा किया नोटिस
रायगढ़, 17 जून। जिले में नकली शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही बड़ी कार्रवाई के तहत रायगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को उसके विकास नगर स्थित निवास पर दबिश दी। पुलिस ने घर के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा कर आरोपी को तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उसकी चल-अचल संपत्तियों का ब्यौरा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार 8 जून की रात रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर में संचालित एक बड़े नकली शराब सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, फर्जी होलोग्राम, नकली लेबल, ढक्कन और शराब निर्माण में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री जब्त की गई थी।
मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल ने पूछताछ में खुलासा किया था कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से नकली शराब का कारोबार चला रहा था। इसके बाद पुलिस ने 10 जून को फरार चल रहे सुभाष पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी फार्म हाउस में शराब का भंडारण करते थे और उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाते थे। शराब का रंग फीका पड़ने पर चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा रूप दिया जाता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री की जाती थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची और बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी बरामद की थीं।
बुधवार को नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के नेतृत्व में पुलिस टीम विनय ठाकुर के विकास नगर स्थित घर पहुंची। घर में ताला लगा मिला और काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई बाहर नहीं आया। आसपास के लोगों ने भी बताया कि आरोपी और उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार मकान के दो स्थानों पर नोटिस चस्पा कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना कोतरारोड़ पुलिस को फरार आरोपी की संपत्तियों का विस्तृत विवरण तैयार करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की लगातार तलाश कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नकली शराब का कारोबार केवल आर्थिक अपराध नहीं बल्कि लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर अपराध है। ऐसे कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सभी वैधानिक उपाय किए जा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर उसकी संपत्तियों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।