ताजा खबरें

बड़ी खबर

“प्रेमजाल में फंसाकर भरोसे का किया दुरुपयोग—शादी के नाम पर लगातार दुष्कर्म, विरोध करने पर मारपीट, फिर छोड़ दिया बेसहारा

रायगढ़, 23 अप्रैल 2026। जिले में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली है। शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 21 अप्रैल को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वर्ष 2025 में दिल्ली में काम करने के दौरान उसकी पहचान रायगढ़ निवासी युवक बादल सारथी (20 वर्ष) से हुई थी। पहचान के बाद आरोपी ने शादी का वादा किया और उसे अपने घर में करीब तीन महीने तक पत्नी की तरह रखकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।

पीड़िता के मुताबिक, जब भी वह शादी की बात करती, आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में उसने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बावजूद आरोपी ने पीछा नहीं छोड़ा। जनवरी 2026 में जब पीड़िता दोबारा काम के सिलसिले में दिल्ली गई, तब आरोपी भी वहां पहुंच गया और लगभग एक महीने तक उसके साथ रहा। इस दौरान पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने जल्द शादी करने का भरोसा दिलाया, लेकिन 24 मार्च को वह अचानक रायगढ़ लौट आया।

इसके बाद 2 अप्रैल को पीड़िता रायगढ़ पहुंची और आरोपी के घर गई, जहां आरोपी ने उसे घर में घुसने तक नहीं दिया और शादी से साफ इंकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करते हुए पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।

महिला थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया और तत्काल कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने टीम के साथ आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना की टीम—एसआई कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई विल्फ्रेड मसीह, हेड कांस्टेबल संदीप भगत, राजेश उरांव एवं अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर पुलिस की सख्त नजर है। ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि पीड़ित को समय पर न्याय मिल सके।

Leave Your Comment

Click to reload image