पत्थलगांव में दिव्यांगजनों के लिए प्रशासन की संवेदनशील पहल, प्रमाणीकरण और UDID शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 383 आवेदन के साथ बना भरोसे और राहत का बड़ा केंद्र
जशपुर/22 अफ़्रैल 2026 । प्रशासन की संवेदनशील पहल और जमीनी स्तर पर बेहतर प्रबंधन का असर बुधवार को साफ तौर पर देखने को मिला, जब सिविल हॉस्पिटल पत्थलगांव में आयोजित दिव्यांगजन प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी (Unique Disability ID) शिविर में बड़ी संख्या में हितग्राही पहुंचे। शिविर में कुल 383 दिव्यांगजनों ने आवेदन प्रस्तुत किए, जो इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में इस तरह की सुविधाओं की कितनी आवश्यकता थी।
जशपुर कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर आयोजित इस विशेष शिविर को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पहले से ही व्यापक रणनीति तैयार की थी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन तथा जनपद पंचायत पत्थलगांव के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कमलकांत श्रीवास के नेतृत्व में गांव-गांव तक प्रचार-प्रसार किया गया। इसका ही परिणाम रहा कि दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से भी दिव्यांगजन शिविर में पहुंच सके।

प्रशासन द्वारा चिन्हांकित दिव्यांगजनों को शिविर स्थल तक लाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे किसी भी पात्र हितग्राही को असुविधा न हो। शिविर स्थल पर भी बैठने, पेयजल और जलपान जैसी मूलभूत सुविधाओं का बेहतर इंतजाम किया गया था, जिससे दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
शिविर के दौरान कुल 383 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 20 दिव्यांगजनों को मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। तत्काल प्रमाण पत्र मिलने से लाभार्थियों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। कई हितग्राहियों ने प्रशासन की इस पहल को सराहते हुए कहा कि अब उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
शिविर की पूरी प्रक्रिया पर एडीओ घनश्याम पैंकरा लगातार नजर बनाए हुए थे। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक दिव्यांगजन को सम्मानपूर्वक और सहज तरीके से सेवाएं मिलें।
इस सफल आयोजन के बाद प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी इस तरह के शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके और उन्हें मुख्यधारा में लाने की दिशा में ठोस प्रयास जारी रहें।