ताजा खबरें

बड़ी खबर

विश्व वानिकी दिवस पर जशपुर वनमण्डल में हरियाली बचाने का महाअभियान, छात्रों-ग्रामीणों ने लिया प्रकृति संरक्षण का ऐतिहासिक संकल्प

जशपुरनगर - विश्व वानिकी दिवस 2026 के अवसर पर जशपुर वनमण्डल अंतर्गत विभिन्न परिक्षेत्रों में “वन और अर्थव्यवस्थाएँ” विषय पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पर्यावरण रोपणी बालाछापर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ जशपुर, सन्ना और बगीचा परिक्षेत्रों में रैली, वृक्षारोपण एवं शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से वन संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

जशपुर वन परिक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी इचकेला के विद्यार्थियों को वन की महत्ता, वनाग्नि रोकथाम के उपाय, नर्सरी में पौधों के संरक्षण एवं प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझा। इस अवसर पर उपवनमण्डलाधिकारी करण सिंह, वन परिक्षेत्राधिकारी विवेक भगत सहित वन अमला एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को वन संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

इसी कड़ी में वन परिक्षेत्र सन्ना में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से वन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और वनाग्नि से बचाव का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया गया।
वहीं उपवनमण्डल पत्थलगांव अंतर्गत बगीचा परिक्षेत्र में वन परिक्षेत्राधिकारी सुश्री यशस्वी मौर्य (प्रशिक्षु भा.व.से.) की उपस्थिति में वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान बरगद और पीपल जैसे धार्मिक एवं पर्यावरणीय महत्व के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से वन विभाग ने स्पष्ट किया कि वन केवल प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने का आधार नहीं हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और मानव जीवन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे वन संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पर्यावरण सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास करें।

Leave Your Comment

Click to reload image