ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन आघात”: आमाघाट में जंगल किनारे चल रही करोड़ों की अवैध अफीम खेती का भंडाफोड़, 60 हजार से अधिक पौधे और तैयार अफीम जब्त — झारखंड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, दो आरोपी फरार, पूरे नेटवर्क की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश जारी

रायगढ़, 21 मार्च 2026। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा किया है। “ऑपरेशन आघात” के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 60 हजार से अधिक अफीम के पौधे और तैयार अफीम जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19-20 मार्च की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) तथा थाना पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने आमाघाट पहुंचकर खेत में दबिश दी, जहां दो व्यक्ति पुलिस को देखते ही फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति मौके पर पकड़ में आ गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी जिला खूंटी (झारखंड) बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा था।

कार्रवाई के दौरान मौके पर आबकारी विभाग, एफएसएल, कृषि एवं राजस्व विभाग की टीमों को बुलाया गया। एफएसएल जांच में खेत में लगी फसल को अफीम होना पुष्टि हुई। जांच में पाया गया कि उक्त खेती पांच अलग-अलग खसरों की जमीन पर की जा रही थी।

जब्ती का विवरण:

  • 60,326 अफीम पौधे
  • कुल वजन 2,877 किलोग्राम (कीमत लगभग ₹1.90 करोड़)
  • 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम (कीमत ₹15.10 लाख)
    कुल जुमला कीमत – ₹2,05,10,000

आरोपी मार्शल संगा के मेमोरेंडम के आधार पर उसके आमाघाट स्थित निवास (ससुराल) से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तमनार में अपराध क्रमांक 59/2026, धारा 8 (बी), 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात के तहत जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”

गिरफ्तार आरोपी:
मार्शल संगा, निवासी जिला खूंटी (झारखंड), हाल मुकाम आमाघाट, थाना तमनार

फरार आरोपी:
इमानवेल भेंगरा एवं सीप्रियन भेंगरा (झारखंड)

Leave Your Comment

Click to reload image