सब्जी बनाने के मामूली विवाद ने ली गर्भवती महिला की जान, पति ने डंडे से पीट-पीटकर की हत्या, दो साल की बच्ची को लेकर फरार हुआ आरोपी, जशपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
ग्राम ढोठीपहरी (कुरूम ढोढा) की दिल दहला देने वाली घटना, आरोपी पति सलाखों के पीछे
जशपुरनगर 09 फरवरी 2026
जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली और समाज को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सब्जी पकाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक गर्भवती महिला की जान ले ली। आवेश में आए पति ने अपनी ही पत्नी को डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया और फिर अपनी 02 वर्षीय मासूम बच्ची को लेकर फरार हो गया।
हालांकि, जशपुर पुलिस की तत्परता और सख्त कार्रवाई के चलते फरार आरोपी को उसके गृह ग्राम से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 फरवरी 2026 को प्रार्थी जेठू विश्वकर्मा (45 वर्ष), निवासी ग्राम बेलसुंगा थाना नारायणपुर, द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि उनकी बेटी कमला विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
कमला का प्रेम संबंध ग्राम ढोढ़ीबहार निवासी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा (27 वर्ष) से था। कुछ वर्ष पूर्व दोनों साथ रहने लगे थे और आरोपी ने कमला को पत्नी के रूप में रखा था। दोनों की एक 02 वर्षीय बेटी भी है और कमला 06 माह की गर्भवती थी।
घटना से पहले का घटनाक्रम
करीब जनवरी माह से मृतिका अपने पति और बच्ची के साथ मायके ग्राम बेलसुंगा में रह रही थी। इसी दौरान आरोपी स्वदेश ग्राम रनपुर के एक व्यक्ति का ट्रैक्टर चलाने का काम करता था।
घटना से लगभग एक सप्ताह पूर्व आरोपी अपनी पत्नी और बच्ची को लेकर अपने नाना के घर ग्राम ढोठीपहरी (कुरूम ढोढा) चला गया, जहां तीनों रह रहे थे।
सब्जी बनाने के विवाद में दरिंदगी
दिनांक 06 फरवरी 2026, शाम करीब 07:30 बजे, पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने की बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी स्वदेश ने आवेश में आकर पास में पड़े लकड़ी के डंडे से पत्नी कमला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
डंडे से सिर पर गंभीर वार किए जाने के कारण कमला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी दो साल की बच्ची को साथ लेकर फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही थाना नारायणपुर पुलिस द्वारा मर्ग इंटीमेशन कायम कर मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा की कार्यवाही की गई। घटना स्थल का फॉरेंसिक परीक्षण कराया गया। मृतिका के नवविवाहिता होने के कारण दंडाधिकारी बगीचा की उपस्थिति में भी पंचनामा कराया गया।
इसके पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां डॉक्टर द्वारा शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण मारपीट से आई गंभीर चोटें, हत्यात्मक बताया गया।
हत्या का अपराध दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 14/2026, बीएनएस की धारा 103(3) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा को उसके गृह ग्राम ढोढ़ीबहार, चौकी दोकड़ा से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों का रहा सराहनीय योगदान
इस पूरे प्रकरण की कार्रवाई में सउनि उमेश प्रभाकर, प्र.आर. उमेश मिंज, प्र.आर. अजय कुजूर, आरक्षक कुलदीप खलखो, अशोक कंसारी, प्रदीप भगत, सैनिक बिरेन्द्र भगत एवं ओमप्रकाश यादव का विशेष योगदान रहा।
मामले को लेकर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि—
“थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।”