सेवा और संस्कार की मिसाल बना बाबा भगवान राम ट्रस्ट, जशपुर के बालक छात्रावास लुईकोना में बच्चों को मिला ठंड से राहत का संबल
ठंड में बच्चों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
बाबा भगवान राम ट्रस्ट ने बालक छात्रावास लुईकोना के बच्चों को बांटे गर्म कपड़े

जशपुर 25 जनवरी 2026 :
सेवा, संस्कार और सामाजिक दायित्व की भावना के साथ बाबा भगवान राम ट्रस्ट सोगड़ा, जशपुर द्वारा जरूरतमंद बच्चों के लिए लगातार जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार 25 जनवरी 2026 को विकासखंड जशपुर अंतर्गत बालक छात्रावास लुईकोना में अध्ययनरत बच्चों को ठंड से बचाव हेतु गर्म कपड़ों का वितरण किया गया।
यह कार्यक्रम बाबा भगवान राम ट्रस्ट सोगड़ा, जशपुर एवं श्री सर्वेश्वरी समूह महिला संगठन, जशपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम ट्रस्ट के वर्तमान अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा गुरूपद संभव राम जी के निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रातः 11:30 बजे छात्रावास परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 42 बच्चों को ऊनी टोपी, स्वेटर, मोजे एवं बिस्किट वितरित किए गए।
जानकारी के अनुसार इससे पूर्व भी ट्रस्ट द्वारा इसी प्रकार के सेवा कार्य किए जा चुके हैं। 14 दिसंबर 2025 को बालक प्राथमिक शाला आश्रम, नीमगांव में 69 बच्चों को तथा 18 जनवरी 2026 को बालक प्राथमिक शाला गिरला में 41 बच्चों को गर्म कपड़े वितरित किए गए थे। इस प्रकार अब तक ट्रस्ट द्वारा आश्रम एवं छात्रावासों के कुल 153 बच्चों को ठंड से बचाव हेतु सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा भगवान राम ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के चित्र पर विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री कृष्ण कुमार (टप्पू जी) द्वारा बच्चों को गर्म कपड़े वितरित कर कार्यक्रम का विधिवत आरंभ किया गया। वितरण कार्य में श्री सर्वेश्वरी समूह महिला संगठन, जशपुर की सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों, छात्रावास अधीक्षक, संकुल समन्वयक एवं ट्रस्ट के सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया तथा “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
प्रारंभिक सत्र में श्री कमल दूबे ने ट्रस्ट अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा गुरूपद संभव राम जी के नेतृत्व में संचालित सेवा अभियानों के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं नैतिक विकास के प्रति ट्रस्ट की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने एवं जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर श्री सर्वेश्वरी समूह महिला संगठन की वरिष्ठ सदस्याएं सरिता श्रीवास्तव, कविता सिंह, सरिता अखौरी, हेमलता सिंह, रंजिता सांरगी, शालिनी श्रीवास्तव, पूनम दूबे, सीमा सिंह, अंजू सिन्हा, अनुपमा सिंह, अनिमा मिश्रा, अनामिका सिन्हा, स्नेहा उपाध्याय, बबीता सिन्हा, लक्ष्मीप्रिया सिंह, निशा सिंह, पम्मी सिंह एवं सौम्या सुरभि सहित बाबा भगवान राम ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सम्पूर्ण कार्यक्रम श्री नरेन्द्र सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा जशपुर के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री कमल दूबे, श्री प्रवीण सिन्हा, संकुल समन्वयक श्री सत्यम सिंह नायक एवं छात्रावास अधीक्षक श्री कालेश्वर राम का सराहनीय सहयोग रहा।