ताजा खबरें

बड़ी खबर

चार सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षक फेडरेशन का धरना, रैली निकालकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन वेतनमान विसंगति दूर करने सहित चार मांगों पर सरकार से कार्रवाई की अपील

जशपुरनगर 17 जनवरी2026 / चार सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को सहायक शिक्षक–समग्र शिक्षक फेडरेशन ने संयुक्त रूप से धरना-प्रदर्शन किया। शहर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित धरना में जिले के आठों विकासखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।

धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान जारी “मोदी की गारंटी” में सहायक शिक्षकों की वेतनमान विसंगति दूर कर समान क्रमोन्नत वेतनमान देने का वादा किया गया था, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि प्रथम नियुक्ति से सेवा की गणना, एलबी शिक्षकों को समस्त लाभ देने, टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने तथा स्कूलों में ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था समाप्त करने की भी मांग की जा रही है।

जिला उपाध्यक्ष मनोज अम्बस्ट ने कहा कि फेडरेशन का यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में प्रदेश स्तर पर भी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यदि इसके बाद भी सरकार द्वारा सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।

धरना के बाद शिक्षकों ने रणजीता स्टेडियम से रैली निकाली, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची। वहां मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आंदोलन समाप्त किया गया।

धरना-प्रदर्शन में जिला संरक्षक मोहम्मद कायम अली, सम्पति साय पैंकरा, भूपेन्द्र खुंटिया, ममता बंजारा, जिला सलाहकार कमला भगत, अजीत सिंह सिदार, सुमन भगत, महासचिव पंकज बेहरा, मेराज अंसारी, रवि गुप्ता, सरस्वती जगत, जिला उपाध्यक्ष मनोज अम्बस्ट, सीमा गुप्ता, सागर प्रसाद यादव सहित फेडरेशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image