ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन शंखनाद का असर: जशपुर पुलिस ने 10 गौवंश तस्करों के चंगुल से छुड़ाए, एक गिरफ्तार

जशपुर 16 दिसम्बर 2025 : 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा गौ तस्करी के विरुद्ध चलाया जा रहा ऑपरेशन शंखनाद लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में थाना आस्ता क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तस्करों के चंगुल से 10 नग गौवंशों को मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 5 बजे थाना आस्ता पुलिस को ग्रामीणों से पुख्ता सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन (क्रमांक JH-01-EY-1099) में गौवंशों को भरकर हर्राडीपा होते हुए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस ने ग्राम हर्राडीपा के पास नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर संदिग्ध पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। इस दौरान एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि वाहन में मौजूद एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सलमान खान (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) बताया।

पुलिस द्वारा पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर त्रिपाल से ढंके हुए 10 नग गौवंश बरामद किए गए। आरोपी से गौवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गौवंशों को एक अन्य व्यक्ति के साथ लोहरदगा (झारखंड) ले जा रहा था।

पुलिस ने सभी गौवंशों को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी सलमान खान को हिरासत में लिया। साथ ही उसकी निशानदेही पर फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

थाना आस्ता में आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी आस्ता उप निरीक्षक अशोक कुमार यादव, प्रधान आरक्षक संदीप एक्का, मनोहर एक्का, आरक्षक अनिल भगत, शरद भगत एवं अरुण तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image