ताजा खबरें

बड़ी खबर

सरहद पार से आ रहे अवैध धान का पुलिस ने किया पर्दाफाश,दो पिकअप में 40 किंवटल धान जब्त

जशपुर  छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के दौरान जशपुर पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में, सरहदी राज्यों से हो रही अवैध धान की आमद पर लगातार निगरानी रखे हुए है। इसी कड़ी में थाना लोदाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से अवैध रूप से लाए जा रहे 40 क्विंटल धान को जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 दिसंबर की रात लगभग 9 बजे थाना लोदाम क्षेत्र अंतर्गत शंख नदी पुल के पास पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रही दो पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-FD-3309 एवं JH-01-EU-0967 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में दोनों वाहनों से कुल 96 बोरी धान बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 40 क्विंटल है।

वाहन चालकों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम साजिद आलम (27 वर्ष), निवासी गुलाम आजाद बस्ती, गुमला (झारखंड) एवं जिसान आलम (25 वर्ष), निवासी ग्राम पिस्का, नगड़ी, जिला रांची (झारखंड) बताया। चालकों ने धान को झारखंड के सिसई, नागफनी क्षेत्र से लाना बताया, लेकिन धान के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों सहित 40 क्विंटल अवैध धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया है।

उल्लेखनीय है कि जशपुर पुलिस द्वारा झारखंड एवं ओडिशा से हो रहे अवैध धान परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक पुलिस 5 ट्रक, 17 पिकअप वाहन एवं एक ट्रैक्टर से कुल 1451 क्विंटल अवैध धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक हरिशंकर केवट एवं धनसाय राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image