पुलिस की नशे के कारोबार पर चोट, ऑपरेशन आघात में तीन आरोपी गिरफ्तार; 23.3 लीटर अवैध शराब और बिक्री की रकम जब्त
रायगढ़। जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भूपदेवपुर और तमनार थाना क्षेत्र में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 23.3 लीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब में 35 पाव अंग्रेजी सिंडिकेट व्हिस्की और 17 लीटर महुआ शराब शामिल है। इसके अलावा शराब बिक्री की 200 रुपये की रकम भी बरामद की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
भूपदेवपुर में अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार
09 सितंबर को थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में माइनर एक्ट की कार्रवाई के लिए जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि किरोड़ीमल नगर की ओर से दो व्यक्ति अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बिक्री के लिए पैदल लेकर भूपदेवपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने गवाहों के साथ भूपदेवपुर मुख्य मार्ग स्थित बाजार चौक के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए के दो युवक हाथ में थैला लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान विकास कुमार यादव (21), निवासी किरीतमाल, थाना भूपदेवपुर और ब्रिजेश यादव (28), निवासी किरोड़ीमल नगर, थाना कोतरारोड़, हाल मुकाम किरीतमाल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके थैले से 35 पाव अंग्रेजी सिंडिकेट व्हिस्की बरामद हुई। प्रत्येक पाव में 180 एमएल शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 6.300 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 4,200 रुपये बताई गई है। दोनों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
तमनार में बाड़ी में छिपाकर रखी थी 17 लीटर महुआ शराब
इधर, 10 सितंबर को तमनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सिदारपारा-मिलुपारा निवासी कन्हैया सारथी अपने घर में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत रावे ने पेट्रोलिंग टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम गवाहों के साथ आरोपी के घर पहुंची और पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर घर की कोलाबाड़ी में घुरना के पास छिपाकर रखी 17 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 3,400 रुपये बताई गई। पुलिस ने शराब बिक्री से प्राप्त 200 रुपये भी जब्त किए।
आरोपी कन्हैया सारथी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक गौतम ठाकुर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगलकिशोर यादव, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत एवं आरक्षक पुष्पेंद्र सिदार की भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब, मादक पदार्थों और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और इससे जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करना है।