महिला से छेड़खानी पर कापू पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अभियान संवेदना के तहत आरोपी गिरफ्तार
कापू, 10 सितंबर 2026। महिलाओं की सुरक्षा और उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत कापू पुलिस ने महिला से छेड़खानी के मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णमोहन यादव (34 वर्ष), पिता युधिष्ठिर यादव, निवासी पुटुकछार, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय पीड़िता ने 8 सितंबर को थाना कापू पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 5 सितंबर को ग्राम डुमरनारा में कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान कृष्णमोहन यादव ने उसे अकेला पाकर हाथ-बांह पकड़कर खींचतान करते हुए छेड़खानी की।
घटना के बाद सामाजिक रूप से बेइज्जती महसूस होने के कारण महिला ने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की। बाद में परिवार के सदस्यों से चर्चा करने के बाद उसने 8 सितंबर को थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज किया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का कथन दर्ज कराया गया तथा उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तत्काल रवाना की गई।
पुलिस टीम ने धरमजयगढ़ क्षेत्र में आरोपी की तलाश शुरू की। पतासाजी के दौरान ग्राम सुपकालो में आरोपी के रिश्तेदार के घर दबिश दी गई। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी छिपने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी सहित हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई के लिए “अभियान संवेदना” के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।