ताजा खबरें

बड़ी खबर

इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी युवती के लिए मुसीबत, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप; 24 वर्षीय युवक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया


रायगढ़/पुसौर, 9 सितंबर 2026। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती के बाद शादी का भरोसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इंकार करने के मामले में पुसौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई महिलाओं एवं नाबालिगों से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय स्थानीय युवती ने 7 सितंबर को थाना पुसौर में ग्राम बुनगा निवासी अनिल कुमार साव के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि आरोपी ने उसे इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी, जिसे स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने प्रेम का इजहार करते हुए युवती से शादी करने और उसे पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिलाया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 15 अक्टूबर 2025 को युवती को पटेलपाली कॉलेज के पास मिलने बुलाया। इसके बाद उसे होटल ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि इसके बाद मई 2026 तक आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी कथित तौर पर विवाद करने लगा और उसे वहां से भगा देता था।

युवती ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी ने शादी की तैयारी के नाम पर उससे 45 हजार रुपये लिए थे। बाद में उसने शादी करने से इंकार कर दिया। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना की जानकारी युवती ने अपने माता-पिता और सहेली को दी। इसके बाद वह थाना पुसौर पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 229/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने पीड़िता का महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से कथन दर्ज कराने के साथ उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया।

मामले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस एवं उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी अनिल कुमार साव (24 वर्ष), पिता समय लाल साव, निवासी ग्राम बुनगा, थाना पुसौर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image