ताजा खबरें

बड़ी खबर

पाठ क्षेत्र के दौरे पर विनय भगत, ग्रामीणों ने डेम निर्माण से कृषि भूमि के डूबने का उठाया मुद्दा, पूर्व विधायक ने सुनी किसानों की पीड़ा, बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल-गैस के दामों को लेकर सरकार पर किया हमला

जशपुर/सन्ना। जशपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विनय कुमार भगत रविवार को पाठ क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने सन्ना तहसील के ग्राम छिछली-र पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से मुलाकात की। गांव पहुंचने पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं और ग्रामीणों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

पूर्व विधायक विनय भगत ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और परेशानियों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने क्षेत्र में चल रहे डेम निर्माण कार्य से होने वाले संभावित नुकसान को लेकर अपनी चिंता पूर्व विधायक के सामने रखी। ग्रामीणों का कहना था कि डेम निर्माण के कारण कई किसानों के खेत पहले ही डूब क्षेत्र में आ चुके हैं। वहीं आने वाले समय में पाठ क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि के डेम के पानी से प्रभावित होने की संभावना है। इससे किसानों की खेती और उनकी आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका ग्रामीणों ने जताई।

ग्रामीणों ने कहा कि कृषि भूमि के डूबने की स्थिति में किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने डेम निर्माण से प्रभावित होने वाले किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने तथा उनके हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग रखी।

इस दौरान पूर्व विधायक विनय भगत ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मुद्दों को लेकर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को सामने लाना और उनके समाधान के लिए आवाज उठाना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।

महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना

दौरे के दौरान पूर्व विधायक ने प्रदेश की वर्तमान सरकार पर बढ़ती महंगाई को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने पेट्रोल, डीजल और गैस के बढ़ते दामों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महंगाई का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट और किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से आम जनता को राहत देने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की बात कही।

वहीं ग्रामीणों ने विपक्ष में रहने के बावजूद क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने और उनके बीच मौजूद रहने के लिए पूर्व विधायक विनय भगत के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाना जरूरी है और पूर्व विधायक के दौरे से उन्हें अपनी बात रखने का अवसर मिला।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला महामंत्री जशपुर मनमोहन भगत, ब्लॉक अध्यक्ष देवकृपा यादव, कांग्रेस कार्यकर्ता जोखन यादव, रवि यादव, विवेक यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image