ताजा खबरें

बड़ी खबर

आईजी राम गोपाल गर्ग ने किया रायगढ़ पुलिस का वार्षिक निरीक्षण, पुलिसिंग में पारदर्शिता और डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग पर जोर

रायगढ़। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण पर रायगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कामकाज की समीक्षा की और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि जिला पुलिस कार्यालय जिले की पुलिसिंग का नियंत्रण केंद्र है, इसलिए यहां से होने वाले कार्यों का सीधा असर फील्ड पुलिसिंग पर पड़ता है।

आईजी गर्ग ने फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों के वेतन, देयक, अवकाश और कल्याणकारी सुविधाओं का समय पर निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस कार्यालय की एक-एक शाखा की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए शिकायतों के त्वरित निराकरण, चिटफंड मामलों में प्रगति, ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित अपडेट रखने तथा शासकीय वाहनों व संपत्तियों के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए।

नए कानूनों के क्रियान्वयन में सीसीटीएनएस को बताया अहम

निरीक्षण के दौरान आईजी ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में सीसीटीएनएस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने ई-साक्ष्य, ई-समन, ई-फॉरेंसिक सहित डिजिटल प्रक्रियाओं के बेहतर इस्तेमाल के लिए पुलिसकर्मियों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से पुलिसिंग में पारदर्शिता और कार्यों में तेजी लाई जा सकती है।

अपराध और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा

आईजी गर्ग ने जिले में प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक लेकर अनुविभागवार कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और क्षेत्रीय पुलिसिंग की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम के साथ आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

चक्रधरनगर थाने का औचक निरीक्षण

देर शाम आईजी राम गोपाल गर्ग ने थाना चक्रधरनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा मौजूद रहे। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा एवं थाना स्टाफ ने आईजी का स्वागत किया।

आईजी ने थाने के पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनके कार्यों और जिम्मेदारियों की जानकारी ली। उन्होंने विवेचक कक्ष, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, हेल्प डेस्क, बैठक व्यवस्था और थाना परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। थाना परिसर की व्यवस्थाओं की उन्होंने सराहना की।

सीसीटीएनएस कक्ष में आईजी ने ऑनलाइन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और ऑनलाइन रोजनामचा एंट्री की व्यवस्था की विशेष प्रशंसा की। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में सीसीटीएनएस के माध्यम से ऑनलाइन रोजनामचा दर्ज किया जा रहा है और काफी समय से मैनुअल रोजनामचा लेखन बंद है।

पारदर्शी और भरोसेमंद पुलिसिंग पर जोर

पत्रकारों से चर्चा में आईजी गर्ग ने कहा कि रायगढ़ जिला बिलासपुर रेंज का बिलासपुर के बाद दूसरा सबसे बड़ा जिला है और यहां की पुलिसिंग की चुनौतियां भी अलग हैं। उन्होंने पुलिसिंग में पारदर्शिता, डिजिटल प्रगति और टीम भावना के साथ काम करते हुए मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

आईजी ने रायगढ़ पुलिस की नियंत्रण व्यवस्था और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की पुलिसिंग की भी सराहना की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत करने वाली पुलिसिंग को प्राथमिकता देने की अपील की।

Leave Your Comment

Click to reload image