ऑपरेशन आघात: लैलूंगा पुलिस ने 4.108 किलो गांजा के साथ महिला समेत दो तस्करों को पकड़ा, बोलेरो समेत 10 लाख की संपत्ति जब्त
रायगढ़/लैलूंगा। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार जारी है। अभियान के तहत लैलूंगा पुलिस ने लगातार दूसरे दिन गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.108 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है, तथा तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये है, जब्त किया है। कार्रवाई में कुल करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, लैलूंगा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो में ओडिशा से गांजा लेकर तस्कर लैलूंगा-पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों पर नजर रखते हुए घेराबंदी शुरू की।
इसी दौरान मार्ग पर एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। भागने के दौरान वह मोटरसाइकिल से गिर गया और घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी लैलूंगा भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो की तलाश जारी रखी।
कुछ देर बाद पाकरगांव की ओर से लैलूंगा की तरफ आती सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक 26 BH 4095 B दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को दूसरी दिशा में भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम जशवंत कुमार शर्मा (32), निवासी लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया। वाहन में मौजूद महिला की पहचान ज्योति जाटव (23), निवासी लखनऊ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के लखनऊ ले जाना स्वीकार किया।
तलाशी के दौरान महिला के काले रंग के पिट्ठू बैग से चार पैकेट में कुल 4.108 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया।
लैलूंगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की इस लगातार दूसरी कार्रवाई से गांजा तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई प्रेम साय भगत, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैकरा, आरक्षक देव प्रसाद राठिया, शशिभूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमर साय भगत तथा महिला आरक्षक लीलावती एक्का शामिल रहे।
जब्ती
- गांजा: 4.108 किलोग्राम, कीमत करीब 2 लाख रुपये
- बोलेरो वाहन: कीमत करीब 8 लाख रुपये
- कुल जब्ती: करीब 10 लाख रुपये
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और तस्करी में संलिप्त आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।