तेलीकोट में 8 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन आघात के तहत खरसिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायगढ़, 20 अगस्त 2026। ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खरसिया पुलिस चौकी की टीम ने तेलीकोट के फोकटपारा में दबिश देकर 8 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तेलीकोट में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को प्लास्टिक के पारदर्शी डिब्बे के साथ पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नरेन्द्र बघेल पिता बेदराम बघेल (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 18, तेलीकोट, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़ बताया। डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें करीब 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में महिला प्रधान आरक्षक ममता मिंज, आरक्षक साविल चन्द्रा, आरक्षक कीर्ति राम सिदार एवं बोधराम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।