ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, 48 घंटे में 18 किलो से ज्यादा गांजा और नशीली दवाएं जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने पिछले 48 घंटे में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 18.1632 किलो गांजा, नशीले इंजेक्शन और टैबलेट बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक रायगढ़ रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 15.1632 किलो गांजा के साथ ओडिशा के तीन युवकों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान त्रिनाथ मलिक (27), ओमप्रकाश राउत (20) और सत्यव्रत मोहन्ती (25), सभी निवासी गिरीमा, थाना गोप, जिला पुरी, ओडिशा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजा लेकर रेलवे स्टेशन के पास ग्राहक की तलाश कर रहे थे। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

नशीले इंजेक्शन-टेबलेट के साथ युवक गिरफ्तार

इसी दौरान कोतवाली पुलिस ने रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास नशीले इंजेक्शन और टैबलेट बेचने की फिराक में घूम रहे 22 वर्षीय दीपक डोंगरे, निवासी बापूनगर रायगढ़, को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने उसके कब्जे से 18 नग Pentazocine Injection, 17 नग Nitrazepam Tablets, एक इस्तेमाल किया हुआ निडिल-सिरिंज और 200 रुपये बिक्री रकम बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थों की कीमत करीब 1,032.96 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

लैलूंगा में भी 3 किलो गांजा जब्त, तीन आरोपी पकड़े गए

वहीं लैलूंगा पुलिस ने ग्राम पाकरगांव मुख्य मार्ग के पास कार्रवाई करते हुए 3 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बोधराम यादव (44), दिलाराम चौहान (55) और सनत साय चौहान (50) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाकर बिक्री के लिए रखने की बात स्वीकार की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

नशे के नेटवर्क पर पुलिस की नजर

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिले में नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस द्वारा प्रभावी और लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image