पुसौर में गांजा तस्करी पर पुलिस का बड़ा वार, खाद बोरी के पीछे छिपाकर रखा था नशे का सामान; 1.10 किलो गांजा के साथ 45 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
रायगढ़, 19 अगस्त 2026। मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ग्राम पुटकापुरी में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 1.10 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पुटकापुरी में एक व्यक्ति अपने घर के बाहर परछी में खाद की बोरी के पीछे गांजा छिपाकर रखे हुए है और उसकी बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध स्थान पर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को घर के बाहर परछी में एक व्यक्ति छिपने का प्रयास करता मिला, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम भुरवा दास महंत, पिता स्व. ननकी दाऊ महंत, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम पुटकापुरी, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ बताया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने खाद की बोरी के पीछे छिपाकर रखी गई भूरे रंग की प्लास्टिक पन्नी में भूरे रंग के टेप से लिपटी गांजे की खेप बरामद की। वजन कराने पर गांजे की मात्रा 1.10 किलोग्राम पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8,000 रुपये है।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया और उसके विरुद्ध थाना पुसौर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में एसआई कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक योगेश यादव, दिव्या बंजारे, प्रधान आरक्षक श्याम लाल महंत, आरक्षक महेश चौहान, तारिक अनवर एवं दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की कार्रवाई से साफ संदेश—नशे का अवैध कारोबार करने वालों पर लगातार कसेगा शिकंजा।