गेरवानी शराब दुकान में पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग, प्राइवेट गार्ड घायल; आरोपी की तलाश में जुटी पूंजीपथरा पुलिस
रायगढ़, 18 अगस्त 2026। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सोमवार देर रात पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। फायरिंग में दुकान की सुरक्षा में तैनात प्राइवेट गार्ड घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कलगामुड़ा, उर्दना निवासी चन्द्रशेखर पटेल (43) ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत गेरवानी शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात है। उसकी ड्यूटी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक थी। सोमवार रात करीब 10:30 बजे एक युवक शराब दुकान के सामने पहुंचा और अपने दोस्त के साथ गाली-गलौज व मारपीट की बात कहते हुए विवाद करने लगा।
बताया गया कि युवक ने गार्ड को जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद पिस्टलनुमा हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। गोली गार्ड के पेट में लगी। घायल गार्ड किसी तरह आहाता के पीछे जाकर छिप गया और अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस, साइबर पुलिस, आबकारी विभाग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
घायल गार्ड की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 206/2026 में धारा 296, 351(3) और 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पतासाजी कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास जारी है।