हाईवे पर खड़े ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह पर जूटमिल पुलिस का शिकंजा, दो और आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 18 अगस्त 2026। हाईवे पर खड़े ट्रेलर और अन्य भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत जूटमिल पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर स्कॉर्पियो वाहन से हाईवे पर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाते थे। मामले में मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव पहले से ही बिलासपुर केंद्रीय जेल में निरुद्ध है। पुलिस अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर रायगढ़ लाकर पूछताछ करेगी।
दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से मिला था चोरी का सामान
मामले की शुरुआत 3 फरवरी 2026 को हुई थी। जूटमिल थाना क्षेत्र के अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे पुलिस को एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी। वाहन का चालक और उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो चुके थे।
पुलिस ने जब संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसके अंदर 10 लीटर डीजल से भरी प्लास्टिक जरिकेन, करीब दो मीटर लंबा प्लास्टिक पाइप, दोनों तरफ नुकीला लोहे का सब्बल, दो मोबाइल फोन और अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर वाली नंबर प्लेट मिली। सामान को देखते हुए पुलिस को वाहन के डीजल चोरी की वारदात में इस्तेमाल होने का संदेह हुआ। इसके बाद वाहन और बरामद सामान को जब्त कर जांच शुरू की गई।
असली नंबर हटाकर लगाई थी फर्जी नंबर प्लेट
जांच के दौरान स्कॉर्पियो पर दर्ज CG-04-BT-0664 नंबर की परिवहन विभाग से जानकारी जुटाई गई। जांच में इस नंबर से संबंधित कोई वाहन रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके बाद वाहन के अंदर मिली दूसरी नंबर प्लेट CG-12-BT-6416 के आधार पर जांच की गई।
इंजन और चेचिस नंबर की जांच में स्कॉर्पियो मधुर निर्मलकर निवासी तुलसीनगर, कोरबा के नाम पंजीकृत पाई गई। वाहन मालिक और उसके भाई शेखर निर्मलकर से पूछताछ तथा किरायानामा की जांच में पता चला कि स्कॉर्पियो को 30 दिसंबर 2025 को पुरुषोत्तम यादव निवासी बगडबरी, जिला जांजगीर-चांपा को 45 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया गया था।
ट्रेलर चालक के जागने पर भागे आरोपी, पलट गई स्कॉर्पियो
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदीप कुमार डहरिया और सुनील कुमार केवट से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव के कहने पर स्कॉर्पियो की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
इसके बाद संदीप और सुनील, शिव कुमार रजक तथा कुलदीप कुमार साण्डे के साथ रायगढ़ पहुंचे और हाईवे पर खड़े ट्रेलर से डीजल चोरी करने लगे। आरोपियों ने ट्रेलर की डीजल टंकी का लॉक तोड़कर पाइप की मदद से डीजल निकालना शुरू किया।
इसी दौरान ट्रेलर चालक के जागने और शोर मचाने से आरोपियों में हड़कंप मच गया। सभी आरोपी स्कॉर्पियो में सवार होकर तेजी से भागने लगे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर एनएच-49 के किनारे पलट गया। आरोपी वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे।
पहले दो आरोपी गिरफ्तार, तलाश के बाद दो और पकड़ाए
मामले में जूटमिल पुलिस ने पहले सुनील कुमार केवट उम्र 30 वर्ष, निवासी खम्हरिया, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा तथा संदीप कुमार डहरिया उम्र 34 वर्ष, निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया था। दोनों को 12 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज की। जांच के दौरान शिव कुमार रजक उम्र 40 वर्ष, निवासी बगडबरी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा और कुलदीप कुमार साण्डे उम्र 29 वर्ष, निवासी खम्हरिया, थाना कुसमुण्डा, चौकी हरदीबाजार, जिला कोरबा का पता लगाया गया।
दोनों को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की गई। गवाहों के समक्ष उनके मेमोरेण्डम कथन लिए गए, जिसमें दोनों के घटना में शामिल होने की जानकारी सामने आई। शिव कुमार रजक ने पुलिस को बताया कि भागने के दौरान उसका कीपैड मोबाइल स्कॉर्पियो में ही छूट गया था। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव पहले से बिलासपुर जेल में
पुलिस जांच में मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव पिता भुजबल यादव, उम्र 48 वर्ष, निवासी बगडबरी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के विरुद्ध कोरबा जिले के अलग-अलग थानों में चोरी एवं अन्य धाराओं के पांच प्रकरण दर्ज होना सामने आया है।
वर्तमान में पुरुषोत्तम यादव थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के अपराध क्रमांक 368/2026 में धारा 303(2), 111, 309(4), 3(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के मामले में 26 जून 2026 से केंद्रीय जेल बिलासपुर में निरुद्ध है।
जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति प्राप्त कर प्रोडक्शन वारंट हासिल कर लिया है। पुलिस उसे बिलासपुर केंद्रीय जेल से रायगढ़ लाकर डीजल चोरी के मामले में पूछताछ करेगी और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जूटमिल थाने में दर्ज है अपराध
पूरे मामले में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत धारा 336(3), 338, 340(2), 287 बीएनएस एवं 3/7 ईसी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध है। पुलिस द्वारा मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश सिंह राजपूत, आरक्षक शांति मिरी एवं आरक्षक शिवा प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने कहा—हाईवे पर डीजल चोरी करने वालों पर रहेगी विशेष नजर
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले से गुजरने वाले हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले रही है। जूटमिल पुलिस की विवेचना में सामने आए गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अपराध में प्रयुक्त वाहनों, फर्जी नंबर प्लेट और चोरी के नेटवर्क पर पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे अपराधों में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।