ताजा खबरें

बड़ी खबर

स्कूलों और छात्रावास में पहुंची पुलिस, 1080 विद्यार्थियों को दिया साइबर ठगी से बचने का पाठ

रायगढ़, 17 अगस्त। छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने सोमवार को पुसौर से लेकर रायगढ़ शहर तक स्कूलों और छात्रावासों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के पहले सप्ताह में विद्यार्थियों को केंद्र में रखते हुए पुलिस टीमों ने करीब 1080 छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चल रहे अभियान के तहत थाना पुसौर और साइबर टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुसौर, अभिनव स्कूल और आदर्श विद्यालय में कार्यक्रम किया। वहीं नटवर स्कूल में कोतवाली पुलिस तथा पोस्ट मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में महिला थाना और पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी।

OTP, UPI PIN और बैंक जानकारी किसी को न दें

पुलिस ने विद्यार्थियों को समझाया कि OTP, UPI PIN, CVV, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी और बैंक पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए। ठग कई बार बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, कंपनी प्रतिनिधि या परिचित बनकर लोगों से गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। ऐसे कॉल, मैसेज या लिंक पर बिना सत्यापन भरोसा नहीं करने की सलाह दी गई।

KYC से डिजिटल अरेस्ट तक बताए ठगी के तरीके

जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को KYC अपडेट, बिजली बिल, बैंक खाता बंद होने, लोन, नौकरी, ऑनलाइन खरीदारी, फर्जी निवेश, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, QR कोड और UPI फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के बारे में बताया गया। पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट जैसे नए तरीकों को लेकर भी विद्यार्थियों को सतर्क किया।

अनजान लिंक और ऐप से रहें दूर

विद्यार्थियों को किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध मोबाइल ऐप डाउनलोड नहीं करने की समझाइश दी गई। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी, फोटो और अन्य संवेदनशील विवरण साझा करते समय सावधानी बरतने तथा अनजान लोगों से बातचीत में सतर्क रहने की भी सलाह दी गई।

पोस्ट मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में डीएसपी उन्नति ठाकुर ने छात्राओं से सीधे संवाद कर साइबर अपराधों के बदलते तरीकों की जानकारी दी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल परिजनों या पुलिस को देने की अपील की।

ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर करें शिकायत

पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि ऑनलाइन ठगी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें। साथ ही संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था को भी तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर जागृति अभियान से जुड़ने के लिए सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साइबर सुरक्षा का संदेश साझा करने के लिए भी प्रेरित किया गया। रायगढ़ पुलिस का यह अभियान स्कूल, कॉलेज, छात्रावास और आमजन तक साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचाने पर केंद्रित है, ताकि जिले में सुरक्षित और जागरूक डिजिटल वातावरण तैयार किया जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image