ऑपरेशन आघात में कोतरारोड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 395 लीटर महुआ शराब जब्त; छह आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 17 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने 16 अगस्त को थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में एक के बाद एक कार्रवाई करते हुए 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब बनाने और रखने में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन, प्लास्टिक डिब्बे, जरिकेन और बाल्टी सहित अन्य सामग्री भी जब्त की है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में की गई।
धनागर में 100 लीटर महुआ शराब मिली
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर निवासी कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल अपने घर के आंगन में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान अलग-अलग प्लास्टिक डिब्बों और जरिकेन में रखी 100 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। शराब रखने या बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
कुरमापाली में 20 लीटर शराब जब्त
दूसरी कार्रवाई ग्राम कुरमापाली में की गई। पुलिस ने शिव रजवार के ससुर के मकान के पास दबिश दी। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से प्लास्टिक जरिकेन और पन्नी में रखी 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 2 हजार रुपये है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास शराब रखने अथवा बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था। शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
कलमी में पिता-पुत्र के कब्जे से 140 लीटर शराब
तीसरी कार्रवाई ग्राम कलमी में हुई। पुलिस को तरुण सतनामी और लक्ष्मी प्रसाद सतनामी द्वारा कच्ची महुआ शराब तैयार कर अवैध रूप से बिक्री के लिए रखने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान तरुण सतनामी के कब्जे से 50 लीटर और लक्ष्मी प्रसाद सतनामी के कब्जे से 90 लीटर, यानी कुल 140 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई की गई।
कलमी में ही दो अन्य आरोपियों से 135 लीटर शराब बरामद
चौथी कार्रवाई भी ग्राम कलमी में की गई। पुलिस ने अमन सतनामी और तोषराम जोल्हे को कच्ची महुआ शराब तैयार करते और बिक्री के लिए रखते हुए पकड़ा।
तलाशी में अमन सतनामी के कब्जे से 85 लीटर और तोषराम जोल्हे के कब्जे से 50 लीटर, कुल 135 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 13 हजार 500 रुपये बताई गई है।
चार कार्रवाइयों में 395 लीटर शराब जब्त
कोतरारोड़ पुलिस की चार अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 53 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बनाने और रखने में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन, प्लास्टिक डिब्बे, जरिकेन, बाल्टी सहित अन्य सामग्री भी पुलिस ने जब्त की है।
छह आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई कर उन्हें रिमांड पर भेजा है। गिरफ्तार आरोपियों में कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल, शिव रजवार, तरुण सतनामी, लक्ष्मी प्रसाद सतनामी, अमन सतनामी और तोषराम जोल्हे शामिल हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दिया सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे का अवैध कारोबार अपराध को बढ़ावा देता है। जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय, आरक्षक मनोज कुमार यादव, बंशी रात्रे, शैलेन्द्र पैंकरा, चूड़ामणि गुप्ता, विनोद लकड़ा, राजेश खंडे तथा महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की अहम भूमिका रही।