ताजा खबरें

बड़ी खबर

कार्यस्थल पर महिला से दुर्व्यवहार के आरोप में व्याख्याता गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल; ‘अभियान संवेदना’ के तहत कोतरारोड़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायगढ़, 15 अगस्त 2026। कार्यस्थल पर महिला से दुर्व्यवहार, लज्जा भंग, कथित यौन उत्पीड़न, अमर्यादित आचरण तथा मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना की शिकायत पर कोतरारोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वीर सिंह (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई रायगढ़ पुलिस द्वारा महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत की गई।

पीड़िता ने 13 अगस्त 2026 को थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 287/2026 के तहत धारा 74, 75 एवं 79 बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

स्कूल में अनुचित व्यवहार के लगाए आरोप

पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि आरोपी वीर सिंह गणित विषय का व्याख्याता है और स्कूल में नोडल का प्रभार संभाल रहा था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी महिला स्टाफ के साथ अनुचित व्यवहार करता था। शासकीय अवकाश मांगने सहित अन्य अवसरों पर उसके साथ कार अथवा ट्रेन से जाने, घर छोड़ने तथा अपने घर चलने जैसी बातें कही जाती थीं।

शासकीय दस्तावेजों के लेन-देन के दौरान गलत नीयत से हाथ छूने, ड्यूटी निरीक्षण के बहाने खिड़की से घूरने तथा स्कूल की डेली डायरी को झटककर फेंकने जैसे व्यवहार के भी आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता के अनुसार तबीयत खराब होने के बावजूद कक्षा में बैठकर पढ़ाने के दौरान आरोपी ने बच्चों के सामने उसे अपमानित किया, जिससे वह लगातार मानसिक तनाव में रही।

स्टाफ मीटिंग में सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 18 मार्च 2026 को स्कूल में आयोजित स्टाफ मीटिंग के दौरान भी आरोपी द्वारा कथित तौर पर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। बैठक में आरोपी के व्यवहार पर आपत्ति जताने के बाद भी उसके साथ अमर्यादित व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस की विवेचना और पीड़िता के कथन के आधार पर आरोपी का कृत्य प्रथम दृष्टया अपराध घटित करना पाए जाने पर पुलिस ने 14 अगस्त 2026 को वीर सिंह पिता बाबूराम सिंह, उम्र 39 वर्ष, निवासी चन्द्रनगर वार्ड क्रमांक 28, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी के निर्देशन में महिला शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई

रायगढ़ पुलिस के अनुसार एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में कोतरारोड़ पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई की।

कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, आरक्षक बंशी रात्रे एवं बलराम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image