ताजा खबरें

बड़ी खबर

15 अगस्त पर रायगढ़ पुलिस में देशभक्ति का उत्साह, जिला पुलिस कार्यालय से थाना-चौकियों तक शान से लहराया तिरंगा

रायगढ़, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ पुलिस द्वारा जिला पुलिस कार्यालय, रक्षित केंद्र सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में गरिमामय ढंग से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पुलिस कार्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने ध्वजारोहण किया। सशस्त्र जवानों ने राष्ट्रीय धुन के बीच तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा और भारत माता की जय के नारों से माहौल राष्ट्रप्रेम से भर गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने पुलिस जवानों से देश की एकता, अखंडता, कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री पुष्पेन्द्र बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी एवं डीएसपी रोहित शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

थाना-चौकियों में भी दिखा राष्ट्रभक्ति का उत्साह

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिले के सभी थाना एवं चौकियों को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया। थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के शहीद परिवारों से भेंट कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। शहीद परिवारों को सम्मानपूर्वक मुख्य समारोह स्थल मिनी स्टेडियम तक लाकर समारोह में शामिल कराया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के थाना एवं चौकी परिसरों में थाना-चौकी प्रभारियों द्वारा स्कूली बच्चों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। वहीं विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थापित शहीदों की प्रतिमाओं पर पुलिस अधिकारियों एवं नागरिकों ने माल्यार्पण कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के आदर्शों को स्मरण करते हुए राष्ट्रसेवा, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ पुलिस के जिला कार्यालय से लेकर थाना एवं चौकी स्तर तक राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

Leave Your Comment

Click to reload image