मोबाइल टावर से 60 मीटर कॉपर केबल चोरी का तमनार पुलिस ने किया पर्दाफाश, युवक और चोरी का माल खरीदने वाली महिला गिरफ्तार; 2 किलो कॉपर वायर व नकदी बरामद, एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
रायगढ़, 14 अगस्त 2026। तमनार पुलिस ने मोबाइल टावर से एयरटेल और जिओ कंपनी के कॉपर केबल वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक और चोरी का माल खरीदने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 किलोग्राम कॉपर वायर और 200 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी धनुंजय की तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के तहत तमनार पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
साइट डाउन अलार्म से खुला चोरी का मामला
पुलिस के अनुसार 12 अगस्त को ALTIUS मोबाइल टावर कंपनी के क्लस्टर इंजीनियर राहुल तिवारी ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई। केलो विहार तमनार स्थित मोबाइल टावर से साइट डाउन का अलार्म मिलने के बाद टेक्नीशियन को मौके पर भेजा गया। जांच में पता चला कि टावर में लगे एयरटेल और जिओ कंपनी के करीब 50 से 60 मीटर कॉपर केबल वायर को अज्ञात चोर काटकर ले गए हैं। चोरी गए वायर की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई।
रिपोर्ट पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर घर में दबिश, शिवम गिरफ्तार
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुधरीखार निवासी शिवम सिदार इस प्रकार की चोरी की घटनाओं में संलिप्त है।
पुलिस टीम ने तत्काल शिवम के घर दबिश देकर उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी धनुंजय निवासी कुधरीखार के साथ मिलकर मोबाइल टावर से कॉपर वायर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी का माल उसने कुधरीखार निवासी शांति प्रजा को बेचा था। शिवम के कब्जे से चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त 200 रुपये नकद बरामद किए गए।
चोरी का माल खरीदने वाली महिला भी गिरफ्तार
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शांति प्रजा की तलाश कर उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने शिवम सिदार और धनुंजय से चोरी का कॉपर वायर खरीदना स्वीकार किया। उसके कब्जे से करीब 2 किलो कॉपर वायर बरामद किया गया।
पुलिस जांच में चोरी का माल जानबूझकर खरीदना पाए जाने पर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस विस्तारित की गई।
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर, तीसरे की तलाश जारी
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने शिवम सिदार, उम्र 26 वर्ष और शांति प्रजा, उम्र 49 वर्ष, दोनों निवासी कुधरीखार, तमनार को 13 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में शामिल अन्य आरोपी धनुंजय की तलाश में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, रंजीत भगत एवं पुष्पेन्द्र सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।