स्वतंत्रता दिवस पर रायगढ़ में बदलेगा ट्रैफिक रूट, पुलिस ने जारी किया विशेष प्लान; VIP, आमजन और स्कूल बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था
रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रायगढ़ पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक रूट और पार्किंग प्लान जारी किया है। 15 अगस्त को मिनी स्टेडियम में मुख्य समारोह आयोजित होगा। ध्वजारोहण, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने आमजन, वीआईपी, प्रशासनिक अमले और स्कूली वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग एवं पार्किंग स्थल तय किए हैं।
VIP वाहनों के लिए अलग रूट
वीआईपी वाहनों के लिए निर्धारित वीआईपी रूट से आवागमन की व्यवस्था रहेगी। एसडीएम कार्यालय परिसर में P-1 वीआईपी पार्किंग बनाई गई है। कलेक्टर कार्यालय परिसर में P-2 प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं पत्रकारों के वाहनों की पार्किंग रहेगी। वहीं पुलिस कंट्रोल रूम के पास P-3 में पुलिसकर्मियों के वाहन पार्क किए जाएंगे।
आम लोगों के लिए P-4 पार्किंग
आम नागरिकों के लिए केलो विहार तिराहा से निर्धारित आमजन रूट रहेगा। वाहन चालकों को ऑडिटोरियम क्षेत्र के अंदर बनाए गए P-4 पार्किंग स्थल में वाहन पार्क करने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मुख्य समारोह को देखते हुए मरीन ड्राइव पर P-5 अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
स्कूल बसों के लिए विशेष रूट
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बसों के लिए अलग रूट तय किया गया है। बसें पंजरी प्लांट तिराहा से अंबेडकर चौक की ओर आएंगी और दाहिने मुड़कर जनपद पंचायत कार्यालय होते हुए केलो विहार तिराहा पहुंचेंगी। यहां बच्चों को सुरक्षित उतारने के बाद बसों को P-6 स्कूल बस पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। ऑडिटोरियम क्षेत्र के P-4 में भी स्कूल बसों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। बच्चों को निर्धारित प्रवेश मार्ग से मिनी स्टेडियम परिसर में प्रवेश कराया जाएगा।
पुलिस ने की अपील
रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने से यातायात व्यवस्था सुचारू रहेगी और समारोह में आने वाले नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए रायगढ़ पुलिस एवं यातायात पुलिस का पर्याप्त बल तैनात किया गया है।