ताजा खबरें

बड़ी खबर

फर्जी KYC, डिजिटल अरेस्ट और AI वॉइस-वीडियो फ्रॉड से सावधान! CISF जवानों को साइबर ठगी के नए हथकंडों की दी गई जानकारी, घरघोड़ा पुलिस ने बताए बचाव के आसान और जरूरी उपाय

रायगढ़ पुलिस ने साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए तिलाईपाली स्थित CISF कैंप में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने CISF अधिकारियों और जवानों को फर्जी KYC, UPI-QR फ्रॉड, OTP, स्क्रीन शेयरिंग, फर्जी लोन एप, निवेश-ट्रेडिंग एप, सोशल मीडिया हैकिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

पुलिस ने समझाया कि साइबर ठग बैंक अधिकारी, पुलिस, TRAI, बिजली विभाग, कूरियर कंपनी या परिचित बनकर फोन कर डर अथवा लालच पैदा करते हैं। ऐसे मामलों में OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV या बैंक पासवर्ड कभी साझा नहीं करना चाहिए। खास तौर पर UPI PIN पैसे प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि भुगतान करने के लिए होता है।

 डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से रहें सतर्क

पुलिस ने बताया कि ठग वीडियो कॉल पर पुलिस, CBI या ED अधिकारी बनकर गिरफ्तारी का भय दिखाते हैं और पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाते हैं। किसी सरकारी एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल पर इस तरह बैंक खाते में रकम जमा कराने का निर्देश नहीं दिया जाता। ऐसे कॉल पर घबराने के बजाय कॉल काटकर संबंधित विभाग से आधिकारिक माध्यम से संपर्क करना चाहिए।

 संदिग्ध लिंक और APK से भी खतरा

अनजान लिंक पर क्लिक न करने और WhatsApp अथवा अन्य माध्यमों से मिली संदिग्ध APK फाइल इंस्टॉल न करने की सलाह दी गई। पुलिस ने चेताया कि ऐसी फाइलों के जरिए साइबर अपराधी मोबाइल और निजी जानकारी तक पहुंचने का प्रयास कर सकते हैं।

 AI वॉइस और वीडियो फ्रॉड पर भी जागरूकता

AI आधारित नकली आवाज और वीडियो तथा फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए परिचित बनकर पैसे मांगने के मामलों से भी सावधान किया गया। किसी परिचित के अचानक पैसे मांगने पर उसके वैकल्पिक या पुराने नंबर पर फोन कर पहले पुष्टि करने की सलाह दी गई।

ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर बिना देरी 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें और cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने या फ्रीज कराने की संभावना बढ़ सकती है।

CISF अधिकारियों और जवानों ने जागरूकता कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए साइबर अपराधों से बचाव के उपायों को गंभीरता से समझा। रायगढ़ पुलिस द्वारा सुरक्षा बलों, शासकीय विभागों, संस्थानों और आम नागरिकों के बीच लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image