ताजा खबरें

बड़ी खबर

रात में दूर से दिखेंगे रायगढ़ के ब्लैक स्पॉट, हादसे रोकने यातायात पुलिस ने लगाए रिफ्लेक्टिंग रेडियम

रायगढ़। जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने रायगढ़ यातायात पुलिस ने दुर्घटना संभावित 16 ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की पहल शुरू की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम ने नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट का जायजा लिया। रात के समय वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित स्थान दूर से दिखाई दें, इसके लिए जरूरत वाले स्थानों पर रिफ्लेक्टिंग रेडियम लगाए गए हैं।

यातायात पुलिस की टीम ने निरीक्षण के दौरान ब्लैक स्पॉट की सड़क की स्थिति, मोड़, सड़क की बनावट, रात्रिकालीन दृश्यता और सुरक्षा संकेतकों की बारीकी से जांच की। जिन जगहों पर अंधेरे के दौरान सड़क अथवा सड़क किनारे को पहचानने में परेशानी की संभावना थी, वहां रिफ्लेक्टिंग रेडियम लगाए गए। वाहन की हेडलाइट पड़ने पर रेडियम चमकेगा, जिससे चालक को ब्लैक स्पॉट की जानकारी पहले से मिल सकेगी और वह समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर सकेगा।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी और ट्रैफिक एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक रोहित बंजारे के नेतृत्व में की गई। निरीक्षक रोहित बंजारे ने यातायात स्टाफ के साथ चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा एवं सुधार कार्यों की रिपोर्ट भी तैयार की है।

पुलिस के मुताबिक, तैयार रिपोर्ट को वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों के समन्वय से ब्लैक स्पॉट पर सड़क की स्थिति, संकेतक, प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक सुधार कार्य कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

सिर्फ चालानी कार्रवाई नहीं, स्थायी समाधान पर जोर

रायगढ़ पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान अब केवल यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है। दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान, मौके पर सुरक्षा उपाय और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर स्थायी सुधार की दिशा में भी काम किया जा रहा है। ब्लैक स्पॉट पर लगाए गए रिफ्लेक्टिंग रेडियम को इसी पहल का हिस्सा माना जा रहा है।

एसएसपी ने वाहन चालकों से भी की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट की पहचान कर समय रहते सुरक्षा उपाय करना पुलिस की प्राथमिकता है। रिफ्लेक्टिंग रेडियम जैसे छोटे लेकिन प्रभावी उपाय रात के समय सड़क सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जरूरी सुधार कार्य कराए जाएंगे। साथ ही वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image