हाईवे पर डीजल चोर गिरोह का बड़ा खुलासा, फर्जी नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो से करते थे वारदात — जूटमिल पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा
रायगढ़। हाईवे पर खड़े ट्रेलर और भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का जूटमिल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों सुनील कुमार केवट और संदीप कुमार डहरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया। गिरोह का मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव पहले से ही बिलासपुर केंद्रीय जेल में बंद है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 3 फरवरी 2026 को अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। वाहन में सवार लोग मौके से फरार थे। पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें 10 लीटर डीजल से भरी प्लास्टिक जरिकेन, करीब दो मीटर लंबा पाइप, दोनों सिरों पर नुकीला लोहे का सब्बल, दो मोबाइल फोन और अलग-अलग नंबर वाली नंबर प्लेट मिलीं। संदिग्ध सामान मिलने के बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करते थे वारदात
जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो पर CG-04-BT-0664 नंबर अंकित था, लेकिन परिवहन विभाग के रिकॉर्ड में इस नंबर का कोई वाहन नहीं मिला। वाहन के अंदर मिली CG-12-BT-6416 नंबर प्लेट की जांच करने पर स्कॉर्पियो का वास्तविक पंजीयन कोरबा निवासी मधुर निर्मलकर के नाम पाया गया।
पूछताछ और किरायानामे से पता चला कि स्कॉर्पियो को 30 दिसंबर 2025 को पुरुषोत्तम यादव को 45 हजार रुपये मासिक किराये पर दिया गया था।
ट्रेलर चालक के जागते ही मची भगदड़
पुलिस पूछताछ में संदीप कुमार डहरिया और सुनील कुमार केवट ने बताया कि मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव के कहने पर उन्होंने स्कॉर्पियो की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी। इसके बाद संदीप, सुनील, शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे के साथ रायगढ़ शहर पहुंचे और हाईवे पर खड़े ट्रेलरों को निशाना बनाया।
डीजल चोरी के दौरान ट्रेलर चालक के जागने और शोर मचाने पर आरोपी स्कॉर्पियो से तेजी से भागने लगे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर एनएच-49 किनारे पलट गया। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए।
मुख्य आरोपी पहले से जेल में
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव, उम्र 48 वर्ष, निवासी बगडबरी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के खिलाफ कोरबा जिले के अलग-अलग थानों में चोरी सहित पांच मामले दर्ज हैं। वह वर्तमान में बिलासपुर केंद्रीय जेल में 26 जून 2026 से निरुद्ध है। जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति लेकर प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है। उसे बिलासपुर जेल से रायगढ़ लाकर पूछताछ की जाएगी।
वहीं गिरोह के फरार सदस्य शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे की तलाश पुलिस टीम द्वारा की जा रही है।
दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद जूटमिल पुलिस ने सुनील कुमार केवट (30), निवासी खम्हरिया, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा और संदीप कुमार डहरिया (34), निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया। दोनों को 12 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत धारा 336(3), 338, 340(2), 287 बीएनएस एवं 3/7 ईसी एक्ट के तहत अपराध दर्ज है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी एवं सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश सिंह राजपूत, आरक्षक शांति मिरी और शिवा प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। अपराध में प्रयुक्त वाहनों, फर्जी नंबर प्लेट और चोरी के नेटवर्क पर पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे अपराधों में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।