राह चलती महिला से छेड़खानी और धमकी का मामला: चक्रधरनगर पुलिस की 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे
रायगढ़। अभियान संवेदना के तहत महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर पुलिस ने राह चलती महिला से छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया।
पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय पीड़िता ने 12 अगस्त को अपने पति के साथ थाना चक्रधरनगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि 2 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पति को भोजन देने जा रही थी। उसके साथ बच्चे भी थे। इसी दौरान ग्राम एकताल निवासी उमेश और अभिषेक पीछे से पहुंचे और उसके साथ छेड़खानी करते हुए घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसी बीच पीड़िता का परिचित मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गया, जिसे देखकर दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी पीड़िता ने अपने पति और गांव के प्रमुख लोगों को दी। इसके बाद 12 अगस्त को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत धारा 74, 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घर पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के घरों पर दबिश दी, जहां वे मौजूद मिले। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाई और पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ एवं विवेचना के दौरान घटना में उनकी संलिप्तता से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिले। इसके बाद उमेश प्रधान (26), निवासी एकताल स्कूलपारा और अभिषेक गोधिया (24), निवासी एकताल बस्ती मंडलापारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे तथा आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, जितेन्द्र कुर्रे और मिनकेतन पटेल की भूमिका रही।