ताजा खबरें

बड़ी खबर

घरघोड़ा में बच्चों के लिए गैर-संचारी रोग स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित,50 से अधिक बच्चों की हुई जांच

रायगढ़, 11 अगस्त 2026/ जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा यूनिसेफ छत्तीसगढ़ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से घरघोड़ा विकासखंड में बच्चों के लिए विशेष गैर-संचारी रोग स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 1 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 50 से अधिक बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान 11 बच्चे सिकल सेल वाहक (एएस पॉजिटिव) तथा 6 बच्चे सिकल सेल रोग ( एसएस पॉजिटिव) पाए गए। सभी चिन्हित बच्चों को आवश्यक जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार के लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया।
          शिविर में बच्चों की स्वास्थ्य जांच के साथ अभिभावकों को सिकल सेल रोग, बाल मधुमेह एवं अन्य गैर-संचारी रोगों के लक्षणों तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि बच्चों में लगातार कमजोरी, अत्यधिक थकान, बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, अचानक वजन कम होना या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए। शिविर में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर एवं आरबीएसके टीम ने सक्रिय सहयोग किया। बच्चों की स्क्रीनिंग, परामर्श एवं रेफरल की प्रक्रिया स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा संचालित की गई। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में समय पर जांच एवं उपचार कराएं।

Leave Your Comment

Click to reload image