ओडिशा से पूंजीपथरा पहुंचाया जा रहा था 24 टन अवैध स्क्रैप, नाकेबंदी कर पुलिस ने ट्रक दबोचा
रायगढ़, 10 अगस्त 2026। अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान करीब 24 टन अवैध स्क्रैप से लदे 14 चक्का ट्रक को पकड़ा। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत ₹7.55 लाख तथा परिवहन में प्रयुक्त ट्रक की कीमत ₹10 लाख बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल ₹17.55 लाख की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक 14 चक्का ट्रक में अवैध रूप से स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को रवाना किया गया और गेरवानी मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।
इसी दौरान RJ05GB2229 नंबर के 14 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। चालक ने पूछताछ में अपना नाम नेमीचंद मीणा (46), निवासी रामपुरिया, थाना इटावा, जिला कोटा, राजस्थान बताया। ट्रक की जांच करने पर उसमें बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के टिन एवं लोहे के टुकड़ों का स्क्रैप मिला।
पुलिस ने चालक से कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में चालक ने बताया कि उक्त कबाड़ ओडिशा से लोड कर पूंजीपथरा स्थित प्लांट में खपाने के लिए लाया जा रहा था।
पुलिस ने ट्रक में लदे करीब 24 टन स्क्रैप, कीमत ₹7,55,000, तथा परिवहन में प्रयुक्त 14 चक्का ट्रक, कीमत ₹10,00,000, कुल ₹17,55,000 की संपत्ति जब्त कर आरोपी नेमीचंद मीणा के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS एवं धारा 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राज कुमार पैकरा, आरक्षक नरेन्द्र पैंकरा, सुरेन्द्र यादव एवं विनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का स्पष्ट संदेश
रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के साथ-साथ ऐसे परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों पर भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।