टूल्लू पंप चोरी के आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा, चोरी का सामान बरामद
घरघोड़ा, 10 अगस्त। घर के कुएं से टूल्लू पंप चोरी करने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4 हजार रुपये कीमत का चोरी गया टूल्लू पंप भी बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम कटंगडीह निवासी महेन्द्र प्रधान ने 9 अगस्त को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 अगस्त की शाम करीब 7 बजे से 9 अगस्त की सुबह 6 बजे के बीच उनके घर के कुएं से अज्ञात व्यक्ति टूल्लू पंप चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 252/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने सक्रिय मुखबिरों को आरोपी की तलाश में लगाया। इसी दौरान पुलिस को ग्राम कटंगडीह निवासी श्याम सुंदर राठिया के चोरी में शामिल होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कटंगडीह की बस्ती गली में घेराबंदी कर 34 वर्षीय श्याम सुंदर राठिया, पिता परमेश्वर राठिया को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने टूल्लू पंप चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के पीछे स्थित बाड़ी से चोरी किया गया टूल्लू पंप बरामद कर जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, आरक्षक यशवंत यादव और रामकृष्ण रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।