ऑपरेशन अंकुश के तहत धरमजयगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो जुआ फड़ों पर दबिश देकर 6 जुआरी गिरफ्तार
रायगढ़, 10 अगस्त 2026। जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने ग्राम खम्हार में अलग-अलग स्थानों पर संचालित दो जुआ फड़ों पर दबिश देकर 6 जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹8,590 नगद, तीन मोटरसाइकिल और ताश की पत्तियां सहित कुल ₹1,13,590 की जप्ती की है।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम खम्हार में अभय गुप्ता के मकान के पीछे खुले स्थान पर कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए रुपये-पैसे का दांव लगाकर “काट पत्ती” जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए धरमजयगढ़ पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अलग-अलग संचालित दोनों जुआ फड़ों पर दबिश दी।
पहले जुआ फड़ से लवकुश डाठिया (28), अभय गुप्ता (22) और रामलाल चौहान (30) को जुआ खेलते पकड़ा गया। इनके कब्जे एवं फड़ से नगद राशि और ताश की पत्तियां बरामद की गईं। इसके अलावा फड़ के पास खड़ी CT 110 X मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BD 9417, जिसकी कीमत करीब ₹40 हजार है, सहित कुल ₹44,440 की जप्ती की गई।
दूसरे फड़ पर भी पुलिस की दबिश
इसी दौरान पुलिस टीम ने ग्राम खम्हार में संचालित दूसरे जुआ फड़ पर भी कार्रवाई की। यहां से प्रदीपक राठिया (19), सोधन राठिया (18) और विनय भारद्वाज (30) को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
दूसरे फड़ से नगद राशि, 52 पत्ती ताश के अलावा CT 110 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AR 1394, जिसकी अनुमानित कीमत ₹40 हजार, तथा हीरो होंडा स्प्लेंडर बिना नंबर, जिसकी कीमत करीब ₹25 हजार है, जब्त की गई। इस फड़ से कुल ₹69,150 की जप्ती हुई।
कुल ₹1.13 लाख से अधिक की जप्ती
दोनों जुआ फड़ों पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने कुल ₹8,590 नगद, तीन मोटरसाइकिल और ताश की पत्तियां जब्त की हैं। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत ₹1,13,590 बताई गई है।
पुलिस ने मामले में थाना धरमजयगढ़ में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध क्रमांक 220/2026 और 221/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इसके साथ ही आरोपियों के विरुद्ध पृथक से धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में लवकुश डाठिया, अभय गुप्ता, रामलाल चौहान, प्रदीपक राठिया, सोधन राठिया और विनय भारद्वाज, सभी निवासी ग्राम खम्हार, शामिल हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में की गई। जुआ रेड कार्रवाई में प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, भोकला राम भगत, आरक्षक ललित राठिया, जितेंद्र भगत और बीरबल टोप्पो शामिल रहे।
एसएसपी ने दिया स्पष्ट संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे असामाजिक तत्वों के संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
धरमजयगढ़ क्षेत्र में “ऑपरेशन अंकुश” के तहत हुई इस कार्रवाई को जुआ-सट्टे जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में पुलिस की एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।