ताजा खबरें

बड़ी खबर

कलेक्टर रोहित व्यास की पहल से विद्यार्थियों ने सीखी कोडिंग की पहली सीढ़ी, चार दिवसीय प्रशिक्षण में 40 छात्र-छात्राओं ने समझीं प्रोग्रामिंग, एआई और तकनीकी नवाचार की बारीकियां

जशपुर नगर, 09 अगस्त।

कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जिले के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित चार दिवसीय कोडिंग प्रशिक्षण का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। 

ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देशन में संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विकासखण्डों से चयनित 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया। 6 से 9 अगस्त तक यह प्रशिक्षण चला।

यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा, प्रोग्रामिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं तकनीकी नवाचार से जोड़ना रहा।

समापन अवसर पर सहायक संचालक श्रीमती सरोज खलखो ने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा उनसे प्रशिक्षण के संबंध में फीडबैक भी लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई चीजों और उपयोगी सत्रों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने कोडिंग के व्यावहारिक सत्रों, पाइथन प्रोग्रामिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आर्डयूनो आधारित गतिविधियों के विषय में बताया।


चार दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान ट्रेनर्स सुभाष देवांगन और दुर्गेश कुमार ने विद्यार्थियों को कंप्यूटर प्रोग्रामिंग की मूलभूत अवधारणाओं के साथ पाइथन, सी, सी प्लस प्लस, जावा, जावा स्क्रिप्ट एवं एचटीएमएल जैसी प्रोग्रामिंग भाषाओं से परिचित कराया। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस एवं साइबर सुरक्षा की आधारभूत अवधारणाओं पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को पाइथन प्रोग्रामिंग, लॉजिक बिल्डिंग एवं कोडिंग के विषय में बताया गया। वहीं आर्डयूनो यूनो के माध्यम से एलईडी, मोटर कंट्रोल एवं एलसीडी प्रोग्रामिंग जैसे प्रायोगिक सत्रों में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।  फीडबैक एवं प्रमाण-पत्र वितरण के साथ प्रशिक्षण का समापन हुआ।

प्रशिक्षण आयोजन में यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय एवं व्याख्याता राजेंद्र प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image