अवैध शराब के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की दोहरी कार्रवाई, ढाबा संचालक समेत महिला गिरफ्तार
रायगढ़, 9 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए लाखा स्थित ढाबा से अवैध शराब बेच रहे संचालक को गिरफ्तार किया, वहीं पुसौर क्षेत्र में महिला समूह की सूचना पर एक महिला के घर से करीब 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
लाखा के ढाबा में पुलिस की रेड
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा रायगढ़-पूंजीपथरा मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग और होटल-ढाबों की जांच की जा रही है। इसी दौरान 8 अगस्त को ग्राम लाखा स्थित राज फैमिली ढाबा के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली।
कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर ढाबा संचालक लवली मखीजा (40) निवासी सिंधी कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 22, थाना चक्रधरनगर को अवैध शराब बिक्री करते पकड़ा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21 पाव रोमियो देसी प्लेन शराब, 9 पाव गोवा व्हिस्की और शराब बिक्री की ₹800 नकद रकम बरामद की। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.400 बल्क लीटर तथा अनुमानित कीमत ₹3,470 बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
महिला समूह की सक्रियता से पुसौर में खुला अवैध शराब बिक्री का मामला
दूसरी कार्रवाई थाना पुसौर क्षेत्र के ग्राम सूरजगढ़ में हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस द्वारा ग्रामीणों और महिला समूहों को अवैध शराब की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में 9 अगस्त की सुबह सखी महिला समूह के सदस्यों को सूचना मिली कि सूरजगढ़ में सलेन्द्री यादव (55) के घर से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। महिला समूह की अध्यक्ष और सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां एक प्लास्टिक बोरी में सफेद पन्नी के अंदर करीब 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
महिला समूह के सदस्यों ने शराब और संबंधित महिला को कार्रवाई के लिए थाना पुसौर लाकर पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने करीब 10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग ₹1,000 बताई गई है, जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
महिला समूहों और ग्रामीणों से पुलिस ने की सूचना देने की अपील
रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य महिला समूहों और आम नागरिकों को अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने ग्रामीणों और महिला समूहों से अपील की कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें।