ताजा खबरें

बड़ी खबर

QR पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर पेट्रोल भरवाने वाला 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, CCTV से खुला राज

रायगढ़। जूटमिल थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप पर फर्जी ऑनलाइन पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर पेट्रोल भरवाने और बिना भुगतान किए फरार होने वाले 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दो अलग-अलग घटनाओं में पेट्रोल पंप को 6,100 रुपये की चपत लगाई थी।

पुलिस के अनुसार दर्रामुड़ा स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप संचालक अमित कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक सफेद रंग की बलेनो कार से दो बार पेट्रोल भरवाने आया। पहली बार 7 जून को 2,500 रुपये और दूसरी बार 25 जुलाई को 3,600 रुपये का पेट्रोल भरवाकर उसने QR पेमेंट करने का दावा किया और मोबाइल में फर्जी भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर मौके से फरार हो गया।

मामले की जांच में जूटमिल पुलिस ने पेट्रोल पंप, आसपास के मार्ग और झलमला टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान कार की नंबर प्लेट काली पट्टी से ढकी मिली। वाहन के मिरर कवर और डिक्की पर क्षतिग्रस्त प्लास्टिक जैसे विशेष निशानों के आधार पर पुलिस ने कार की पहचान कर उसे ट्रेस कर लिया।

पूछताछ में मयंक शर्मा (19 वर्ष), निवासी बावलीकुआं, रायगढ़ ने दोनों वारदातें स्वीकार कर लीं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी बलेनो कार और उसके दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(2) और 318(4) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी विश्लेषण के जरिए धोखाधड़ी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image