ऑपरेशन आघात का तमनार में बड़ा प्रहार: ढोलनारा में 10 लीटर महुआ शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया जेल
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन आघात' के तहत तमनार पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम ढोलनारा से 10 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 जुलाई 2026 को थाना तमनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ढोलनारा निवासी सिताम्बर भगत अपने घर में अवैध महुआ शराब का संग्रह कर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के निर्देशन तथा प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल किशोर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर वहां मौजूद शराब पीने वाले लोग मौके से फरार हो गए, जबकि घर में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम सिताम्बर भगत (41 वर्ष), पिता स्वर्गीय जागेश्वर भगत, निवासी ढोलनारा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध थाना तमनार में धारा 34(2) एवं 59(क) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल किशोर यादव, आरक्षक रंजीत भगत एवं आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार की सराहनीय भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध 'ऑपरेशन आघात' के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाती रहेगी।