शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार
रायगढ़, 27 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती का कथित रूप से शारीरिक शोषण करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे 'अभियान संवेदना' के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय पीड़िता ने 26 जुलाई को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई कि चक्रधरनगर क्षेत्र में काम करने के दौरान उसकी पहचान चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करने वाले नरेन्द्र कुमार बारिक उर्फ राजू से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और आरोपी ने शादी का वादा कर उसे अपने विश्वास में लिया। पीड़िता का आरोप है कि जनवरी 2026 से जुलाई 2026 के बीच आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत के मुताबिक, 21 जुलाई को जब युवती ने विवाह की बात दोबारा उठाई तो आरोपी ने साफ तौर पर शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी से पूछताछ के बाद विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेन्द्र कुमार बारिक उर्फ राजू (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के भद्रक जिले के ग्राम जगन्नाथ प्रसाद नवासाही का निवासी है और वर्तमान में रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र स्थित अंकुर हॉस्पिटल के सामने टीधी टावर में किराए के मकान में रह रहा था।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव तथा आरक्षक हेमंत एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिलाओं से आगे आने की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीड़ित महिलाओं से बिना किसी भय या संकोच के पुलिस को सूचना देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि 'अभियान संवेदना' के तहत ऐसे मामलों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।