रायगढ़: 24 घंटे में बुजुर्ग हत्याकांड का खुलासा, जमीन विवाद में आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 27 जुलाई 2026। रायगढ़ पुलिस ने रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र के ग्राम धरमपुर साजापाली में 76 वर्षीय बंधन राम पण्डो की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी मकरदम उर्फ मुड़ी माझी (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में हत्या की वजह नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को मृतक के पुत्र नोहर साय पण्डो ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि खेत से लौटने पर उनके पिता गांव के मकरदम उर्फ मुड़ी माझी से पुराने जमीन विवाद पर बात कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने टांगी से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बंधन राम पण्डो की उपचार के दौरान सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके गांव धरमपुर से घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि नजूल जमीन के कब्जे और सीमांकन को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा था। उसने आरोप लगाया कि मृतक हर वर्ष उसकी खेती वाली जमीन का कुछ हिस्सा अपने कब्जे में ले लेते थे, जिससे आक्रोशित होकर उसने टांगी से हमला किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी, घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि "कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। किसी भी विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया से करें। हिंसा का रास्ता अपनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।"