शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 'अभियान संवेदना' के तहत रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई; वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त
रायगढ़, 24 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे "अभियान संवेदना" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, थाना भूपदेवपुर क्षेत्र में दर्ज शिकायत के बाद आरोपी शिव कुमार चौहान (20 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उसने नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाकर कई दिनों तक उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की।
थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा से जुड़े अपराधों में रायगढ़ पुलिस "जीरो टॉलरेंस" की नीति पर कार्य कर रही है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।